राजनीति//Delhi/New Delhi :
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार, 23 मार्च को पार्टी के भीतर बड़े़ बदलाव किए और 4 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष को बदला दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान की कमान सतीश पूनिया की जगह सीपी जोशी को सौंपी है। इसके अलावा ओडिशा में मनमोहन सामल, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेव और बिहार में सम्राट चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया है।
राजस्थान में भाजपा ने विधानसभा चुनाव से आठ महीने पहले राजस्थान संगठन में बड़ा बदलाव कर सतीश पूनिया की जगह चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। चंद्रप्रकाश जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार लोकसभा पहुंचे हैं। वह पहले 2014 में फिर 2019 में इस सीट से चुनाव जीते। जोशी भाजपा के यूथ विंग, भाजयुमो के प्रदेश प्रेसिडेंट हैं। राजस्थान में इस साल यानी 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। दिल्ली और बिहार में 2025 और ओडिशा में 2024 में विधानसभा चुनाव होंगे।
उधर, राजस्थान में सतीश पूनिया को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को युवा जाट महासभा ने सतीश पूनिया को राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद हटाने के बाद भाजपा के राजस्थान प्रदेश मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जाट समाज के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पुतला भी फूंका। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जाट समाज का इसी तरह अपमान किया गया तो आने वाले चुनाव में देशभर के जाट भाजपा को जड़ से मिटा देंगे। हालांकि, जयपुर भाजपा कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर राजस्थान प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट कर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, मेरा 3 साल का कार्यकाल पूरा हो गया है। नये अध्यक्ष पार्टी को और आगे ले जाएंगे। जो लोग भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे हैं, वे भाजपा कार्यकर्ता नहीं हैं।
भाजपा ने राजस्थान के अलावा ढाई महीने से ज्यादा समय के इंतजार के बाद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को स्थायी अध्यक्ष बनाया है। नगर निगम चुनाव में हार के बाद आदेश गुप्ता ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वीरेंद्र सचदेवा को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था।
वीरेंद्र सचदेवा 1988 से राजनीति में एक्टिव हैं। साल 2007 में उन्हें चांदनी चौक का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद साल 2014 में वे मयूर विहार जिले के अध्यक्ष चुने गए। साल 2009 में प्रदेश में मंत्री रहे और 2017 में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए। 11 दिसंबर 2022 को उन्हें दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
बिहार में सम्राट चौधरी को कमान सौंपी गई है। बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी होंगे। जेपी नड्डा ने उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने लेटर जारी कर इसकी जानकारी दी है। सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से आते हैं और बिहार सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके हैं।
इनके और इनके पिता पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की बिहार में काफी राजनीतिक पैठ मानी जाती है। सम्राट चौधरी उस समय विवादों में आए थे, जब लालू यादव की कैबिनेट में सबसे कम उम्र के मंत्री बन गए थे। फिर लंबे बवाल के बाद उन्हें मंत्री पद से हटना पड़ा था।
ओडिशा में समीर मोहंती की जगह मनमोहन सामल
ओडिशा में मनमोहन सामल ओडिशा के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। उन्हें समीर मोहंती की जगह राज्य का पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी प्रेसिडेंट के तौर पर मोहंती का तीन साल का टर्म इस साल 16 जनवरी को पूरा हो गया था। नया अध्यक्ष न चुने जाने के कारण वे अब तक पार्टी प्रेसिडेंट का काम संभाल रहे थे।
Anand Swaroop Agnihotri, Mar-27-2023
Excellent coverage