बिजनेस//Maharashtra/Mumbai :
नवंबर 2022 में विक्रम किर्लोस्कर के निधन के बाद अब किर्लोस्कर-टोयोटा ग्रुप की कमान उनकी बेटी मानसी टाटा के हाथों में सौंप दी गई है। कंपनी की ओर से इसकी जानकारी दी गई, जिसमें कहां गया कि मानसी को बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। 32 साल की मानसी पहले से ही कंपनी में अलग-अलग पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
विक्रम किर्लोस्कर के निधन के बाद किर्लोस्कर समूह ने मानसी टाटा के हाथों में कंपनी की कमान सौंप दी है। किर्लोस्कर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मानसी टाटा की नियुक्ति की जानकारी दी गई। कंपनी ने मानसी को किर्लोस्कर जॉइंट वेंचर के बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त कर दिया है।
पहले से लग रहे थे कयास
किर्लोस्कर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड में इसी सप्ताह मानसी टाटा की नियुक्त की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें तत्काल प्रभाव से कंपनी की कमान सौंपी गई है। विक्रम किर्लोस्कर का नवंबर 2022 में निधन हो गया था। उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी एकलौती संतान मानसी कंपनी का नेतृत्व कर सकती हैं।
चार बड़ी कंपनियों का जिम्मा
इस नियुक्ति के बाद मानसी टाटा टोयोटा इंजन इंडिया लिमिटेड, किर्लोस्कर टोयोटा टैक्सटायल प्राइवेट लिमिटेड, टोयोटा मैटिरियल हैंडलिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और डेनो किर्लोस्कर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की कमान संभालेंगी। बेटी मानसी के अलावा विक्रम किर्लोस्कर की पत्नी गीताजंलि किर्लोस्कर भी किर्लोस्कर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड की चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
कौन हैं मानसी टाटा
32 साल की मानसी पहले से ही पिता की कंपनी में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीईओ हैं। उन्होंने अमेरिका के रोड आईलैंड स्कूल ऑफ डिजाइनिंग से ग्रेजुएशन किया है। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पिता के साथ कंपनी में हाथ बंटाना शुरू कर दिया। साल 2019 में उनकी शादी नोएल टाटा के बेटे नेविल टाटा से हुई। नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। कारोबार के अलावा मानसी को पेंटिंग का बहुत शौक रहा है। 13 साल की उम्र में ही उन्होंने अपनी पहली प्रदर्शनी लगाई। इसके अलावा उन्हें तैराकी का बहुत शौक है। मानसी और उनका परिवार बहुत सादगी का जीवन जीते हैं। टाटा परिवार की बहू होने के बावजूद भी वो लो प्रोफाइल लाइफ रहती हैं।
Comments